
प्रेस विज्ञप्ति
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के नेतृत्व में पूर्व आईपीएस अधिकारी श्रीमति किरण बेदी ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा केंद्रीय कार्यालय, 11 अशोक रोड में आयोजित इस कार्यक्रम में भारत सरकार के वित्त मंत्री श्री अरूण जेटली, केंद्रीय मंत्री डा. हर्षवर्धन, दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय, दिल्ली प्रदेश के प्रभारी श्री प्रभात झा एवं राज्य सभा सांसद श्री विजय गोयल उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्री श्रीकांत शर्मा ने किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने श्रीमति किरण बेदी को भाजपा की सदस्यता प्रदान कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज किरण जी ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है इसके लिए मैं पार्टी की ओर से उनका हृदय से धन्यवाद करता हूं और मैं मानता हूं कि किरण जी के भारतीय जनता पार्टी में आने से भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली यूनिट को बहुत मजबूती मिलेगी। दिल्ली के चुनाव में जनता की जो अपेक्षाएं हैं उसकी परिपूर्ति के लिए एक अच्छा साथीदार मिलेगा। आने वाले दिनों में दिल्ली की चुनावी जंग और बाद में दिल्ली में नई बनी हुई सरकार, दोनों जनता की अपेक्षा पर खरे उतरे इसके लिए किरण जी का रचनात्मक योगदान भारतीय जनता पार्टी को काफी काम आएगा। किरण जी के आने से भारतीय जनता पार्टी का दिल्ली इकाई हर्ष का अनुभव कर रहा है।
इस अवसर पर, भारत के वित्त मंत्री श्री अरूण जेटली ने कहा कि श्रीमति किरण बेदी ने लंबे समय तक प्रशासनिक सेवा के माध्यम से देश की सेवा की है। समाज और देश में उनका विशिष्ट स्थान है। एक जागरूक और विश्वसनिय व्यक्तित्व की धनी हैं। आज वे भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रही हैं, निश्चित तौर पर उनके लंबे अनुभवों का लाभ पार्टी को मिलेगा। मैं उनका पार्टी में स्वागत करता हूं।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के पश्चात पूर्व आईपीएस अधिकारी श्रीमति किरण बेदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने पर मैं स्वयं में गर्व का अनुभव कर रही हूं। उन्होंने कहा कि इस पार्टी की सदस्यता लेने की प्रेरणा मुझे लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्रभाई मोदी के नेतृत्व-कौशल को देखकर मिली है। साथ ही साथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमितभाई शाह और वित्त मंत्री श्री अरूण जेटली जी की कार्यशैली से मैं प्रभावित रही हूं। इन्हीं प्रेरणास्पद व्यक्तित्वों से प्रभावित होकर मैंने भारतीय जनता पार्टी के माध्यम से सेवा का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि मैं पूर्व से ही सामाजिक संगठन के माध्यम से जनसेवा करती रही, किंतु राजनीति के माध्यम से समाज की सेवा इस दल के एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में करना चाहती हूं। मुझे प्रसन्नता है कि आज वह अवसर आया है जब मैं भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर इस संकल्प को पूरा कर सकूंगी।
(इंजि. अरूण कुमार जैन)
कार्यालय सचिव
To Write Comment Please Login