
![]() |
भाजपा अध्यक्ष ने किया पिछड़ा वर्ग मोर्चा का गठन,
संगठन विस्तार की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहल
भाजपा अध्यक्ष द्वारा सामाजिक समरसता की विचारधारा को मूर्त रूप देने का सराहनीय प्रयास
पाल-बघेल समाज के संघर्षशील नेता प्रोफेसर एस.पी. बघेल बने भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
भाजपा अध्यक्ष के इस नए कदम का देशभर के पिछड़ा वर्ग समाज ने किया स्वागत
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने पिछड़ा वर्ग मोर्चा का गठन करके संगठन विस्तार की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहल की है। यही नहीं, इस पहल से श्री शाह ने भारतीय जनता पार्टी की सामाजिक समरसता की विचारधारा को भी मूर्त रूप देने का सराहनीय प्रयास किया है। ज्ञात हो कि पूर्व में संगठनात्मक दृष्टि से युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा- यह छह मोर्चे गठित करने का प्रावधान था। किंतु पहली बार पिछड़े वर्ग की भूमिका को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। वर्तमान में, भारतीय समाज में पिछड़े वर्ग की बहुत बड़ी भागीदारी है। यही नहीं, यह वर्ग देश की सामाजिक-राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्रों में अपनी अहम भूमिका रखता है।
ज्ञात हो कि कुछ माह पूर्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह जी के नेतृत्व में पूरे देश में भाजपा का व्यापक सदस्यता अभियान चलाया गया जो कि कई दृष्टियों से सफल अभियान था। इस अभियान के तहत लगभग 11 करोड़ लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और भारतीय जनता पार्टी विश्व पटल पर सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में उभरी है। इस सदस्यता अभियान में देश के सभी वर्ग और समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में सदस्यता ग्रहण की जो कि इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य था। ज्ञात हो कि पिछड़ा वर्ग पूरे देश की राजनीति को प्रभावित करता है और देश के विभिन्न राज्यों में यह वर्ग प्रभावी रहा है किंतु उत्तर भारत में इस समुदाय की बहुत बड़ी संख्या है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा उत्तर भारत में चलाए गए सदस्यता अभियान में इस समुदाय के लोगों ने भी काफी बढ़-चढ़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने भाजपा के संगठन में सभी वर्गों के लोगों को नेतृत्व प्रदान करने की प्रक्रिया के तहत उत्तर प्रदेश के प्रभावी नेता एवं पूर्व सांसद, प्रो. एस. पी. बघेल को पिछड़ा वर्ग मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया है वहीं पूर्व सांसद, डाॅ. श्रीमती सुधा यादव को इस मोर्चे का प्रभारी नियुक्त किया है। प्रो. बघेल उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेता हैं। वे तीन बार लोकसभा के सांसद और एक बार राज्य सभा के सदस्य रहे। प्रो. बघेल ने एमएससी, एलएलबी तथा पीएचडी की उच्च शिक्षा ग्रहण की है। वे पाल बघेल समाज के संघर्षशील और व्यापक जनाधार वाले नेता हैं। वहीं, डाॅ. श्रीमती सुधा यादव हरियाणा, गुड़गांव लोकसभा सीट से भाजपा की सांसद रही हैं एवं वर्तमान में भाजपा की राष्ट्रीय सचिव है।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्रभाई मोदी की नेतृत्व वाली केंद्र सरकार देश के अनुसूचित जाति-जनजाति और पिछड़ा वर्ग सहित सभी समुदायों के सर्वांगिण विकास के लिए प्रतिबद्ध और प्रयासरत है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, श्री शाह का इसी दिशा में यह अभिनव प्रयास है। इससे जहां इस वर्ग का जनप्रतिनिधित्व बढ़ेगा वहीं निश्चित तौर से देशभर के पिछड़ा वर्ग समुदाय में भाजपा का जनाधार भी बढ़ेगा। भाजपा अध्यक्ष के इस प्रयास का देशभर के पिछड़े वर्ग समुदाय में एक अच्छा संदेश गया है तथा पिछड़ा वर्ग समाज ने भाजपा अध्यक्ष के इस नए कदम का स्वागत किया है।
(इंजी. अरूण कुमार जैन)
कार्यालय सचिव
To Write Comment Please Login